मर रही इंसानियत....जमीनी विवाद में 12 साल बच्ची को पड़ोसी ने पीटा, फिर तेल छिड़क लगा दी आग

3/20/2021 3:03:03 PM

बेगूसरायः बिहार के बेगूसराय जिले में जमीनी विवाद को लेकर एक 12 साल की बच्ची को पड़ोसी ने जिंदा जला दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वह जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के बरौनी थाना क्षेत्र की है। बताया जाता है कि स्वर्गीय राम लगन यादव की 12 वर्षीय पूनम को उसके पड़ोसी सिकंदर यादव ने पेड़ उखाड़ने का आरोप लगाकर पहले पिटाई की और फिर उसे किरासन तेल छिड़ककर आग लगा दिया। बच्ची की मां ने बताया कि जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। इसी बीच शुक्रवार को बच्ची जब स्कूल से घर आई तो पड़ोसी ने उस पर पेड़ उखाड़ने का आरोप लगाया और पिटाई करने के बाद उसे आग लगाकर जला दिया।

बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि पूनम छठी क्लास की छात्रा है और उसकी विधवा मां मजदूरी कर अपना जीवन यापन करती है और उसके पिता की काफी समय पहले ही मौत हो गई थी।

Content Writer

Ramanjot