कोरोना की दूसरी लहर में 719 चिकित्सकों की मौत, बिहार में सबसे अधिक डॉक्टरों ने गंवाई जान

6/13/2021 1:14:53 PM

पटनाः कोरोना की दूसरी लहर ने देशभर में हाहाकार मचाया हुआ है। लोगों की जान बचाने वाले डॉक्टर भी इस महामारी से बच नहीं पाए। कोरोनी की दूसरी लहर में अब तक 719 डॉक्टरों की मौत हो चुकी है, जिनमें सबसे ज्यादा बिहार के 111 डॉक्टरों की जान गई है।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने शनिवार को कोरोना की दूसरी लहर में जान गंवाने वाले डॉक्टर्स की सूची जारी की है। आईएमए के अनुसार, दूसरी लहर में अब तक 719 डॉक्टर अपनी जान गंवा चुके हैं। इस में सबसे ज्यादा 111 मौतें बिहार में हुई हैं। इसके बाद दिल्ली में 109 और उत्तर प्रदेश में 79 डॉक्टरों की मौत हुई है। राजस्थान में 43, झारखंड में 39 और आंध्र प्रदेश में 35 डॉक्टरों की जान गई है।

इसी तरह त्रिपुरा में 2, उत्तराखंड में 2, गोआ में 2, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में 3 डॉक्टरों की मौत हुई है। वहीं पुडुचेरी ऐसा राज्य है, जहां सिर्फ 1 डॉक्टर की कोरोना से मौत हुई है। आईएमए के मुताबिक कोरोना की दूसरी लहर में जिन डॉक्टर की मौत हुई है, उनमें रेजिडेंट डॉक्टर, इंटर्नशिप करते डॉक्टर और कुछ महिला डॉकटर भी शामिल हैं। दूसरी लहर में अधिक्तर 30 वर्ष से 55 के डॉक्टरों की जान गई है।

आईएमए का कहना है कि कोरोना संक्रमण की दोनों लहरों में कुल 1467 डॉक्टरों ने जान गंवाई। इसस पहले पिछली लहर में 748 डॉक्टरों की मौत हुई है।

Content Writer

Ramanjot