नीतीश कुमार को बड़ा झटका- अरुणाचल में JDU के 6 विधायकों ने थामा BJP का दामन

12/25/2020 4:52:08 PM

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को उनकी सहयोगी पार्टी भाजपा ने एक और बड़ा झटका दिया है। भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश में जदयू के 6 विधायकों को गुरुवार को पार्टी में शामिल करवा लिया है। 

जानकारी के अनुसार, रमगोंग विधानसभा क्षेत्र के तालीम तबोह, चायांग्ताजो के हेयेंग मंग्फी, ताली के जिकके ताको, कलाक्तंग के दोरजी वांग्दी खर्मा, बोमडिला के डोंगरू सियनग्जू और मारियांग-गेकु निर्वाचन क्षेत्र के कांगगोंग टाकू भाजपा में शामिल हो गए हैं। जदयू ने 26 नवम्बर को सियनग्जू, खर्मा और टाकू को ‘‘पार्टी विरोधी'' गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था और उन्हें निलंबित कर दिया था।

हालांकि, जदयू से अब तक औपचारिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन पार्टी के नेताओं का कहना है कि यह कदम भाजपा के साथ संबंधों में दरार ही पैदा करंगे। वहीं भाजपा ने इस बात को साबित कर दिया है कि जब दूसरी पार्टी के विधायकों से अपनी सरकार और पार्टी के सदस्यों की संख्या बढ़ानी हो तो वो सहयोगी और विरोधी का फर्क नहीं करती।

बता दें कि बिहार चुनावों के बाद भाजपा और जदयू के संबंधों के समीकरणों में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। नवंबर में हुए बिहार चुनावों में भाजपा के हिस्से में जदयू से अधिक सीटें आई थीं। भाजपा ने पहले ही वादा किया था कि सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे और नीतीश कुमार बने लेकिन अब इस हिस्सेदारी में भाजपा का दबदबा बढ़ गया है।

Nitika