बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायज़ा लेने के लिए केंद्र से 6 सदस्यीय टीम पहुंची पटना

9/6/2021 4:16:05 PM

 

पटनाः बिहार में इस साल बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए 6 सदस्यीय केंद्रीय टीम पटना पहुंची। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह ने कहा कि हम यहां 2 दिन के दौरे पर हैं। हम आगे की कार्रवाई के लिए पटना में एक बैठक करेंगे।

इस बैठक में पथ निर्माण, पशु मत्स्य, स्वास्थ्य, पीएचईडी, जल संसाधन जैसे तमाम विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य है बिहार में बाढ़ से हुई क्षति हुई का आकलन करना है। बैठक के बाद केंद्रीय टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने भी निकलेगी।

वहीं बिहार में बाढ़ की स्थिति पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम लोग अपनी तरफ से कर रहे हैं। वे (केंद्रीय टीम) आकर देखेंगे और लगेगा कि इसमें मदद करनी चाहिए तो करेंगे। हर साल निवेदन किया जाता है कि आकर देख लीजिए कि कितना ज़्यादा क्षेत्र प्रभावित है। अभी हर साल जैसी खराब स्थति नहीं आई है।

बता दें कि बिहार में बाढ़ की वजह से कई जिले प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण कर रहे हैं।

Content Writer

Nitika