दर्दनाक हादसाः गोपालगंज में नौका पलटने से 6 बच्चों की मौत

8/1/2020 11:43:29 AM

गोपालगंजः बिहार में गोपालगंज जिले में बड़ा नाव हादसा हो गया। यहां एक नौका के पलट जाने से छह बच्चों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना गोपालगंज के महम्मदपुर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि परसौनी मलाही टोला के कुछ बच्चे नौका पर सवार होकर मवेशियों के लिए चारा लाने जा रहे थे। इसी बीच नौका अनियंत्रित होकर बाढ़ के पानी में पलट गई। एक-दूसरे को बचाने में एक-एक कर छह बच्चे डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया।

मृतकों की पहचान हरेंद्र सहनी की 10 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी, राम एकबाल साहनी का 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार एवं 12 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार, सुनील सहनी की नौ वर्षीय पुत्री सदिका कुमारी, जयलाल सहनी की 12 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी तथा किशोर सहनी की नौ वर्षीय पुत्री रेखा कुमारी के रूप में की गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेजा गया।

Edited By

Ramanjot