लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर कंटेनर से टकराई बस, बिहार के 5 यात्रियों की दर्दनाक मौत

1/1/2021 5:22:45 PM

 

उन्नाव/अररियाः उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पर बिहार के अररिया से दिल्ली की ओर जा रही डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से भिड़ गई। इस हादसे में 5 यात्रियों की मौत हो गई। 4 लोगों ने मौके पर तथा एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं अन्य 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि बस कंटेनर के पीछे आधी अंदर चली गई।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह शुक्रवार लगभग 7 बजे के करीब लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर औरास थाना क्षेत्र के मैनीभावा गांव के सामने कोहरे के चलते बिहार के अररिया से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस खड़े कंटेनर में पीछे से जाकर घुस गई। हादसे में बस में सवार 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य जिसकी हालत गंभीर थी, इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले जाए जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 2 को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक को प्राथमिक इलाज देकर छोड़ दिया गया।

बता दें कि बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। बस में 65 से 70 यात्री सवार थे। अन्य यात्रियों को दूसरे संसाधनों से उनके गंतब्य के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सलाउद्दीन मधुबनी बिहार, शौकत रजा अररिया बिहार, नसीम दरभंगा बिहार, फारूक अररिया बिहार, मोहम्मद मुक्करम अररिया बिहार की मौत हो गई है।

Nitika