पंचायत चुनावः उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में SDO सहित 5 अन्य पुलिसकर्मी घायल

11/16/2021 11:28:05 AM

 

मोतिहारीः बिहार में जारी पंचायत चुनाव के दौरान पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना अंतर्गत नौनीमल पंचायत के एक मतदान केंद्र पर सोमवार को उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में एक अनुमंडल अधिकारी और 5 अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने बताया कि पथराव के दौरान पकडीदायल अनुमंडल अधिकारी के अलावा एक अवर निरीक्षक व महिला सिपाही सहित 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि वीडियो क्लिप के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। झा ने पथराव में जिलाधिकारी के भी जख्मी होने की चर्चा को गलत बताया।

वहीं पकडीदायल अनुमंडल अधिकारी कुमार रविंद्र ने बताया कि मतदान केंद्र संख्या 177 पर एक मतदाता को मतदान के दौरान फोटो खींचें जाने पर मना करने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिन्हें नियंत्रित करने के लिए एक सिपाही द्वारा बल प्रयोग किए जाने से स्थानीय लोग उग्र हो गए और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया।

Content Writer

Nitika