बिहार में 5 IPS अधिकारियों का तबादला, जानिए किसे मिला कौन सा प्रभार

7/14/2021 6:41:16 PM

 

पटनाः बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से आज भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 5 अधिकारियों का तबादला कर दिया।

गृह विभाग की बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पटना कान्तेश कुमार मिश्रा को औरंगाबाद जिले का पुलिस अधीक्षक, पटना नगर (मध्य) के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी का भोजपुर के पुलिस अधीक्षक के पद पर तबादला किया गया है। तिवारी को अश्वारोही विशेष सशस्त्र पुलिस, आरा के समादेष्टा पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसी तरह सहायक पुलिस अधीक्षक (विधि-व्यवस्था), पटना स्वर्ण प्रभात को भागलपुर का नगर पुलिस अधीक्षक, दानापुर (पटना) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार को पटना का पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और बाढ़ (पटना) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अम्बरीष राहुल को नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य), पटना के पद पर स्थानांतरण किया गया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने बालू के अवैध उत्खनन मामले में औरंगाबाद और भोजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी), दो जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और एक अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को हटाकर मुख्यालय बुला लिया है। औरंगाबाद के एसपी सुधीर कुमार पोरिका और भोजपुर के एसपी राकेश कुमार दुबे को पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने को निर्देश दिया गया है। दुबे अश्वारोही विशेष सशस्त्र पुलिस, आरा के अतिरिक्त प्रभार में भी थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static