गंगा नदी में डूबे 4 किशोर, एक की मौत, शौच के दौरान मिट्टी खिसकने से हुआ हादसा

11/13/2022 11:07:37 AM

भोजपुरः बिहार के भोजपुर जिले में शौच के दौरान मिट्टी खिसकने से एक किशोर गंगा नदी में डूब गया। उसको बचाने के लिए 3 बच्चों ने पानी में छलांग लगाई और वह भी डूब गए। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 3 किशोरों को बचा लिया गया। वहीं इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

शौच करने गया था किशोर
जानकारी के मुताबिक, मामला भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के एकौना गांव स्थित गंगा नदी का है। मृतक की पहचान रंजीत पाठक का 16 वर्षीय पुत्र नीतीश पाठक के रूप में हुई है। वह एक इंटर का छात्र था। मृतक के परिजनों ने बताया कि नीतीश बीते शनिवार की शाम गंगा नदी किनारे शौच करने गया था। इसी दौरान वहां पर मिट्टी खिसकने से वह नदी में डूब गया। किशोर को बचाने के लिए उसके 2 भाई नितिन पाठक,ऋतिक पाठक और गांव का एक बच्चा आलोक पाठक ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह तीनों भी पानी में डूबने लगे। इसके बाद ग्रामीण वहां पर आए। किशोरों को डूबता देख स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। स्थानीय गोताखोरों ने 3 किशोरों को बचा लिया , जबकि एक नीतीश डूब गया।

परिजनों में मातम पसरा
वहीं बताया जा रहा है कि मृत किशोर के परिवार में मां, 2 भाई एवं बहन कृति कुमारी है। इस घटना की सूचना स्थानीय थाना को दी। इधऱ, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बूरा हाल हैं।

Content Editor

Swati Sharma