मुजफ्फरपुर में संदिग्ध परिस्थिति में 4 लोगों की मौत, पार्टी के दौरान जमकर पी थी शराब

10/29/2021 1:38:23 PM

मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में संदिग्ध हालत में चार लोगों की मौत हो गई और आधा दर्जन लोगों बीमार हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आशंका जताई जा रही कि इन लोगों की मौत जहरीली शराब का सेवन करने से हुई है। 

पार्टी में किया था शराब का सेवन 
जानकारी के अनुसार, जिले के सरैया थाना क्षेत्र के रूपौली में गुरुवार की रात दो लोगों की मौत हो गई। वहीं शुक्रवार की सुबह दो और लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात गांव में ही पार्टी हुई थी, जिसमें खाने के दौरान सबने शराब का सेवन भी किया। इसके एक घंटे बाद से सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। गुरुवार की सुबह स्थानीय चिकित्सक से इलाज शुरू कराया गया। जब हालत ज्यादा बिगड़ी गई तो उन्हें शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप 
वहीं इलाज के दौरान गुरुवार रात मुन्ना सिंह एवं अवनीश सिंह की मौत हो गई। इसके बाद शुक्रवार की सुबह व‍िपुल और धीरेश सिंह की भी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी ने प्रथम दृष्टया जहरीली शराब की बात स्वीकार करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस गांव में पहुंचकर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Content Writer

Ramanjot