मनचलों ने की छेड़खानी तो विरोध के दौरान महिला की गोद से गिरी 4 महीने की मासूम, हुई मौत

7/5/2021 1:41:58 PM

औरंगाबादः बिहार के औरंगाबाद जिले में मनचलों की हरकतों की वजह से एक मासूम बच्ची की जान चली गई। दरअसल, जिले में ऑटो सवार कुछ मनचलों ने एक महिला के साथ छेड़खानी की। वहीं विरोध के दौरान महिला की गोद से 4 महीने की मासूम बेटी सड़क पर गिर गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के कासमा थाना क्षेत्र के नीमा बिगहा मोड़ के पास की है। बताया जा रहा है कि हुसैना कर्मा गांव के मो. रब्बानी की पत्नी साजदा खातून अपनी चार महीने की बच्ची आशिफा को इलाज के लिए क्लिनिक लेकर गई थी। वहीं जब साजदा ऑटो से वापिस लौट रही थी तो रास्ते में कुछ मनचलें ऑटो में चढ़ गए। इसी बीच मनचलें महिला के साथ जबरदस्ती छेड़खानी करने लगे। वहीं जब उसने विरोध किया तो मनचलें हाथापाई करने लगे। इसी दौरान साजिदा की गोद से 4 महीने की मासूम आशिफा सड़क पर गिर गई। बेटी को गिरते देख साजिदा भी ऑटो से कूद पड़ी।

इस घटना में मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला घायल हो गई। उसका इलाज रफीगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने महिला के आवेदन पर कासमा थाना क्षेत्र के गाजी कर्मा निवासी बसंत यादव और नन्हे यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से दोनों मनचले फरार हैं। बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Content Writer

Ramanjot