बांकाः करमा-धरमा पर्व पर जलाशय में नहाने गई 4 बच्चियों की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

8/25/2020 2:17:51 PM

बांकाः बिहार में बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को चार बच्चियों की जलाशय में डूबकर मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, कामतपुर पंचायत के घोसपुर गांव की कुछ किशोरी करमा-धरमा पर्व के अवसर पर नहाय खाय के लिए मंगिया जलाशय में स्नान करने गई थी। इसी दौरान चार किशोरी गहरे पानी में डूब गई जिससे उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने शवों को जलाशय से बाहर निकाल लिया है।

मृतकों की पहचान प्रमोद यादव की 12 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी, विनेश यादव की 14 वर्षीय पुत्र ताप्ती कुमारी, गोरे लाल यादव की 12 वर्षीय पुत्री नीलू कुमारी एवं अरुण पोद्दार की 10 वर्षीय पुत्री सविता कुमारी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है।

Ramanjot