राजधानी पटना में कोरोना का विस्फोट, इस साल पहली बार एक साथ मिले 30 नए मरीज

6/11/2022 5:46:49 PM

पटनाः बिहार में एक बार फिर से कोरोना विस्फोट हुआ है। राजधानी पटना में एक साथ 30 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। दरअसल, इस साल पहली बार एक साथ इतने मरीज मिले हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग द्वारा यह पता लगाया जा रहा है अचानक इतने मरीज आए कहां से?

स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को पोर्टल पर कोरोने के 30 नए मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पटना में एक्टिव मामलों की संख्या 51 हैं। जिले में अब तक कुल 180761 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें 177869 लोग ठीक हो गए जबकि 2841 संक्रमितों की मौत हो गई। अब 24 घंटे के दौरान पटना में एक साथ 30 नए संक्रमितों का मिलना बड़ा सवाल है।

अगर बात करें पूरे राज्य की तो यहां अब तक कुल 830890 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 818556 लोग ठीक हुए हैं। कोरोना से अब तक 12256 लोगों की मौत हुई है। वहीं शुक्रवार तक राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या 77 थी।
 

Content Writer

Ramanjot