SSB कैंप में दर्दनाक हादसाः करंट की चपेट में आने से 3 जवानों की मौत, कई घायल

1/14/2022 5:28:50 PM

सुपौलः बिहार के सुपौल जिले में एसएसबी कैंप में प्रशिक्षण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यहां करंट की चपेट में आने से 3 जवानों की मौत हो गई। वहीं 10 अन्य जवान घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना वीरपुर स्थित सशस्त्र सीमा बल के 45वीं बटालियन के कैंप की है। बताया जा रहा है कि 45वीं बटालियन के कमांडेंट एच.के गुप्ता का कुछ दिन पूर्व तबादला हो गया था। उनके सम्मान में बुधवार की शाम विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। बल के जवान आज दोपहर में विदाई समारोह के लिए लगाया गए टेंट को खोल रहे थे। इसी दौरान टेंट के ऊपर से गुजर रहे हाईवोल्टेज तार में अल्युमीनियम का एक पाइप सट गया।

इस हादसे में बल के तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 जवान बुरी तरह से घायल हो गए। घायल जवानों को अनुमंडल अस्पताल लाया गया जहां प्रारंभिक इलाज के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर कर दिया गया है। इस बीच एसएसबी के डीआईजी एसके सारंगी ने बताया कि यह एक हादसा है। घायल जवानों को दरभंगा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। वह खुद पहले दरभंगा और सुपौल जाएंगे। उसके बाद ही इस पर कोई विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी। 

वहीं 4 जवानों की गंभीर हालत को देखते हुए दरभंगा मेडिकल कॉलेज (DMCH) रेफर कर दिया गया। उधर, कैंप के अधिकारियों का कहना है कि हाई वोल्टेज तार हटाने के लिए बिजली विभाग को कई बार कहा गया, लेकिन फिर भी संज्ञान नहीं लिया गया।                 

 

 

Content Writer

Ramanjot