बिहार में बाढ़ का कहरः अबतक 25 लोगों की मौत, 77.77 लाख आबादी प्रभावित

8/14/2020 1:16:49 PM

पटनाः बिहार में बाढ़ से अबतक 25 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 16 जिलों की 77,77,056 आबादी इससे प्रभावित है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बाढ़ से दरभंगा जिले में सबसे अधिक ग्यारह लोगों, मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार तथा सारण एवं सिवान में दो-दो लोगों और 75 मवेशियों की अबतक मौत हो चुकी है।

बिहार के 16 जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, खगड़िया, सारण, समस्तीपुर, सिवान, मधुबनी, मधेपुरा एवं सहरसा जिले के 128 प्रखंडों के 1,282 पंचायतों की 77,77,056 आबादी बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां से सुरक्षित जगहों पर ले जाए गए 5,47,804 लोगों में से 12,479 लोगों को सात राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। बाढ़ के कारण विस्थापित लोगों को भोजन कराने के लिए 1006 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है जहां 8,17,636 लोगों को भोजन कराया गया है।

दरभंगा जिला में सबसे अधिक 15 प्रखंडों के 227 पंचायतों की 20,61,700 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। बिहार के बाढ़ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 33 टीमों की तैनाती की गई है। बिहार के इन जिलों में बाढ़ का कारण अधवारा समूह नदी, लखनदेई, रातो, मरहा, मनुसमारा, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कदाने, नून, वाया, सिकरहना, लालबेकिया, तिलावे, धनौती, मसान, कोशी, गंगा, कमला बलान, करेह एवं धौंस नदी के जलस्तर का बढ़ना है।

Edited By

Ramanjot