औरंगाबादः सड़क दुर्घटना में 2 युवकों की दर्दनाक मौत, एक अन्य घायल

4/20/2022 12:40:27 PM

 

औरंगाबादः बिहार में औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह सड़क दुर्घटना में 2 युवकों की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि नीमा गांव से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर 3 युवक अरवल की ओर जा रहे थे। इस दौरान बड़क बीघा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 पर अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 2 युवकों की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया। सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव निवासी के राजू रंजन कुमार (30) और हसपुरा थाना क्षेत्र के कैथी सोनहथू गांव के कांग्रेस कुमार (40) के रूप में की गई है। इस दुर्घटना में मृतक राजू रंजन कुमार का भाई मनोज कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार दाउदनगर सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है।

वहीं इस बीच घटना के बाद उत्तेजित लोगों ने दाउदनगर-पटना मार्ग को जाम कर दिया, जिसे प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर समाप्त करवाया गया। पुलिस इस सिलसिले में एक मामला दर्ज कर आवश्यक छानबीन कर रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
 

Content Writer

Nitika