बिहार लोकसभा चुनाव में 2 राज्यसभा सांसद आजमाएंगे अपनी तकदीर, जीत गए तो बनेंगे निचले सदन के सांसद

4/15/2024 4:06:20 PM

पटना: बिहार लोकसभा चुनाव 2024 में दो राज्यसभा सांसद अपनी-अपनी तकदीर आजमाएंगे। नवादा सीट से पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी.पी.ठाकुर के पुत्र राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर और पाटलिपुत्र सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की पुत्री राज्यसभा सांसद मीसा भारती अपनी तकदीर आजमाएंगी।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में नवादा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) मे शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रत्याशी पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के भाई चंदन सिंह ने जीत हासिल की थी। इस बार के चुनाव में नवादा सीट राजग में सीटों में तालमेल के तहत भाजपा को मिली है। विवेक ठाकुर पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं मीसा भारती ने पूर्व में भी दो बार पाटिलिपुत्र सीट से राजद के टिकट पर वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में चुनाव लड़ा था लेकिन दोनों बार उन्हें भाजपा प्रत्याशी राम कृपाल यादव से हार का सामना करना पड़ा। मीसा भारती और विवेक ठाकुर यदि चुनाव जीत जाते हैं तो वे संसद के निचले सदन लोकसभा के सांसद बन जाएंगे, यदि हार जाते हैं तो वे संसद के ऊपरी सदन राज्य सभा के सांसद ही रहेंगे। 

Content Writer

Ramanjot