ट्रेन की चपेट में आए 2 शिक्षकेत्तर कर्मी, एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

12/17/2022 12:17:26 PM

मुंगेरः बिहार के मुंगेर जिले में दर्दनाक हादसे की घटना सामने आई है, जहां पर कॉलेज से घर लौट रहे दो शिक्षकेत्तर कर्मी ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घर लौट रहे थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, घटना मुंगेर जिले के जमालपुर- मुंगेर रेलखंड की है। मृतक की पहचान ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी रत्नेश कुमार सिन्हा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जमालपुर में कालेज से कामकाज निपटा शाम को जमालपुर- मुंगेर रेलखंड के बगल से घर वापस लौट रहे दो शिक्षकेत्तर कर्मी ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गए। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है।

जांच में जुटी पुलिस
वहीं, मृतक रत्नेश कुमार सिन्हा जमालपुर कॉलेज जमालपुर में लेखपाल के पद पर कार्यरत था। घायल की पहचान अनिल कुमार मिश्रा के रूप में हुई है वो भी जमालपुर कॉलेज जमालपुर का ही शिक्षकेत्तर कर्मी था। घटना की सूचना मिलते ही मृतक रत्नेश कुमार सिन्हा के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। वहीं जीआरपी और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई ।

Content Editor

Swati Sharma