वेतन के साथ पेंशन भी लेते हैं नीतीश सरकार के ये 2 मंत्री और 2 MLC, RTI के जरिए हुआ खुलासा

11/11/2021 1:00:38 PM

 

पटनाः बिहार में एक चौकानेवाला खुलासा हुआ है, जहां पर नीतीश सरकार के 2 मंत्री और 2 एमएलसी ऐसे हैं, जो वेतन के साथ-साथ पेंशन भी लेते हैं। आरटीआई के जरिए ये बात सामने आई है।

दरअसल, 12 अक्टूबर 2021 को आरटीआई के जरिए सामने आई इस सूची में बिहार सरकार के 2 मंत्रियों के नाम पेंशन पाने वालों की लिस्ट में हैं। इसमें पहला नाम बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन का है। इस लिस्ट में शाहनवाज हुसैन का नाम 1247 नंबर है। इस सूची में दूसरा नाम खान एवं भूतत्व मंत्री जनम राम का है। जनम राम का नाम इस लिस्ट में 1415वें नंबर पर है। वहीं पेंशन पाने वालों में जदयू के विधान पार्षद उपेन्द्र कुशवाहा का नाम भी शामिल है। उनका नाम इस लिस्ट में 1676 नंबर पर है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की तरफ से दी गई इस जानकारी में कुल 1981 नाम हैं। इसमें राज्यसभा और लोकसभा के उन पूर्व सदस्यों की सूची जो पेंशन पा रहे हैं। 207 नंबर पर इस सूची में भाजपा के नेता संजय पासवान का नाम है।

बता दें कि उपेन्द्र कुशवाहा, डॉ संजय पासवान, शाहनवाज हुसैन और जनम राम चारों ही ऐसे नेता हैं जो संसद के सदस्य रह चुके हैं। शाहनवाज हुसैन, डॉ संजय पासवान और जनम राम लोकसभा के पूर्व सदस्य हैं जबकि उपेन्द्र कुशवाहा राज्यसभा और लोकसभा के पूर्व सदस्य रह चुके हैं।
 

Content Writer

Nitika