Lok Sabha Elections: राजद के टिकट पर 13 प्रत्याशी पहली बार लोकसभा के चुनाव में आजमाएंगे अपनी किस्मत

4/12/2024 5:31:34 PM

पटना: बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर 13 प्रत्याशी पहली बार लोकसभा के चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे। राजद के टिकट पर इस बार के चुनाव में 23 प्रत्याशी में से 13 नए प्रत्याशी लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे। इनमे छह वर्तमान विधायक समेत 13 प्रत्याशी शामिल हैं। 

ललित यादव ने 6 बार जीता विधानसभा का चुनाव 
इन छह विधायको में गया सीट पर बोधगया (सु) के विधायक कुमार सर्वजीत पासवान, पूर्णिया से रूपौली की विधायक बीमा भारती, दरभंगा सीट से दरभंगा ग्रामीण के विधायक ललित यादव, बक्सर सीट से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र और रामगढ़ के विधायक सुधाकर सिंह, सुपौल सीट से सिंहेश्वर विधानसभा के विधायक चंद्रहास चौपाल और अररिया से पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन के पुत्र और जोकीहाट के विधायक शाहनवाज आलम शामिल हैं। ललित यादव ने छह बार विधानसभा का चुनाव जीता है। उन्होंने वर्ष 1995, 2000 और अक्टूबर 2005 में मनिगाछी विधानसभा जबकि 2010, 2015 और 2020 में दरभंगा ग्रामीण से विजय हासिल की। बीमा भारती ने रूपौली विधानसभा से वर्ष 2000, वर्ष अक्टूबर 2005, वर्ष 2010, वर्ष 2015 और वर्ष 2020 पांच बार चुनाव जीता।

टेकारी के पूर्व विधायक रहे हैं अभय कुशवाहा 
राजद के अन्य सात प्रत्याशी जो पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, उनमें राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव औैर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की पुत्री रोहिणी आचार्य सारण संसदीय सीट, श्रवण कुशवाहा नवादा से, अर्चना रविदास जमुई (सु) से, अभय कुमार कुशवाहा औरंगाबाद से, अनिता देवी मुंगेर से, रितु जायसवाल शिवहर से, कुमार चंद्रदीप मधेपुरा सीट से चुनावी संग्राम में उतरेगे। श्रवण कुशवाहा पूर्व में गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र और साथ ही स्थानीय निकाय क्षेत्र से विधान परिषद का भी चुनाव लड़ चुके हैं। अर्चना रविदास मुंगेर के राजद नेता मुकेश यादव की पत्नी हैं और उनका मायका जमुई क्षेत्र में है। अभय कुमार कुशवाहा टेकारी के पूर्व विधायक रहे हैं और उन्होंने हाल ही में जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के गया जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर राजद की सदस्यता ग्रहण की है।

Content Writer

Ramanjot