कांग्रेस के पूर्व विधायक का दावा- पार्टी में जल्द होगी बड़ी टूट, 11 विधायक थाम सकते हैं NDA का दामन

1/6/2021 5:48:58 PM

 

पटनाः बिहार कांग्रेस में इन दिनों उथल-पुथल मची हुई है। हाल ही में कांग्रेस हाईकमान ने शक्ति सिंह गोहिल की गुजारिश पर उन्हें बिहार के प्रभार से मुक्त कर दिया है। साथ ही गोहिल के स्थान पर भक्त चरण दास को बिहार का नया कांग्रेस प्रभारी बना दिया गया है। वहीं इसी बीच अब बिहार कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक भरत सिंह ने दावा किया है कि कांग्रेस के 11 विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में जल्द ही बड़ी टूट होगी और 11 विधायक पार्टी छोड़ देंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भरत सिंह ने कहा कि 19 विधायकों में से 11 विधायक ऐसे हैं जो कांग्रेस पार्टी से नहीं है, लेकिन चुनाव जीत गए हैं। यह लोग पैसा देकर टिकट खरीदे और अब एमएलए बन गए हैं. उन्होंने कहा कि संख्या बल से अपने आप को मजबूत करने के लिए एनडीए प्रयास कर रहा है। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा भी ऐसे लोगों में शामिल है, जो पार्टी तोड़ना चाहते हैं।

वहीं कांग्रेस नेता ने दावा करते हुए कहा कि जो 11 कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़ना चाहते हैं, उन सब के मार्गदर्शक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सदानंद सिंह है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल कोटे से अभी एमएलसी का नामांकन होना है। सदानंद सिंह और मदन मोहन झा एमएलसी बनने की फिराक में है।

बता दें कि भरत सिंह के बयान को कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजित शर्मा ने खारिज कर दिया है। उन्‍होंने कहा कि भरत सिंह न जाने किस हैसियत से बोल रहे हैं। एक बार 35 साल पहले विधायक बने थे। तब से खुद ही 7-8 बार दल बदल चुके हैं। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं।

Nitika