बक्सर में बन रहे 100 महिला मतदान केंद्र, देंगे महिला सशक्तिकरण का संदेश

9/28/2020 1:15:07 PM

बक्सरः बिहार विधानसभा चुनाव में बक्सर जिले की आधी आबादी को मतदान के लिए प्रेरित करने को लेकर मॉडल बूथ समेत 100 महिला मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं, जो महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगे।

जिलाधिकारी सह जिला निर्वाची पदाधिकारी अमन समीर ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में महिलाओं को मतदान करने के लिए चार मॉडल केंद्र समेत 100 महिला मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। साथ ही साथ मतदान की पूरी प्रक्रिया की लाइव टेलीकास्टिंग की जाएगी। यह प्रयास महिलाओं को मतदान से जोड़ने में सहायक साबित होगा।

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी आशुतोष कुमार राय ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक मॉडल मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जिनकी विशेष साज-सज्जा की जाएगी। यही नहीं, यहां आने वाले मतदाताओं को लाइव टेलीकास्ट से जोड़ा जाएगा, जिससे एक अलग तरह का रोमांचक माहौल कायम होगा। उन्होंने बताया कि इन सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मी केवल महिलाएं होंगी।

आशुतोष ने बताया कि महिला सशक्तिकरण को परिभाषित करते इन मतदान केंद्रों की सुरक्षा का जिम्मा भी महिला सुरक्षाकर्मियों के हवाले होगा। इन मतदान केंद्रों का निर्माण ज्यादा से ज्यादा महिला मतदाताओं को मतदान से जोड़ने की पहल के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके लिए ‘अहिल्या' नाम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, अब उनको एक बेहतर माहौल प्रदान करने के लिए मॉडल मतदान केंद्र भी बनाए जा रहे हैं।

Ramanjot